जब कहीं घूमने जाने की बात हो तो ज्यादातर लोग ट्रेन का सफर काफी पसंद करते हैं. ट्रेन के सफर में सिर्फ खूबसूरत नज़ारे, नए दोस्त ही नहीं बनते हैं बल्कि अलग-अलग जगहों का खास जायका भी चखने को मिल जाता है. फूड लवर्स को ट्रेन के सफर की तलाश में रहते हैं. आज हम आपको बताएंगे की IRCTC ने देश के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर कौन से भारतीय लोकप्रिय फूड्स को उपलब्ध कराया है.
IRCTC की फूड लिस्ट की मदद से आप सफर के दौरान इन फेमस फूड्स को एन्जॉय कर सकते हैं. इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक IRCTC की लिस्ट में सभी के लिए कुछ न कुछ है. इसमें बिहार से लेकर केरल तक जायका मिल जाएगा.लोकल फूड के लिए ये हैं सबसे ज्यादा पॉपुलर रेल्वे स्टेशन-आप अगर यात्रा करने के शौकीन हैं तो ये जानकारी आपके काफी काम आ सकती है. आज हम आपको लोकल फूड्स के लिए 20 सबसे पॉपुलर रेलवे स्टेशन के फूड्स के बारे में बताएंगें. असम के गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर आपको ‘लाल चाह’ का स्वाद मिलेगा. वहीं खड़गपुर जंक्शन पर आप ‘आलू दम’ का लुत्फ ले सकते हैं. हावड़ा जंक्शन पर आप फेमस बंगाली मिठाई संदेश का मज़ा उठा सकते हैं, तो बिहार के पटना जंक्शन पर लिट्टी चोखा खाएं.
आप अगर नॉनवेज के शौकीन हैं और झारखंड के टाटानगर जंक्शन पर हैं तो यहां की फेमस फिश करी का जायका आपको स्टेशन पर ही मिल जाएगा. सफर के दौरान अगर आप मध्यप्रदेश के रतलाम जंक्शन पर पहुंचते हैं तो यहां कांटा पोहा का स्वाद लें. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आलू चाट का जायका मिलेगा. उत्तर प्रदेश के टुंडा जंक्शन पर आलू टिक्की और यूपी के बरेली जंक्शन पर आप मूंग दाल पकोड़ा का लुत्फ उठा सकते हैं.
पंजाब के अमृतसर जंक्शन की लस्सी और जालंधर सिटी जंक्शन के छोले भटूरे का स्वाद सभी को काफी पसंद आएगा. इस सूची में राजस्थान का अजमेर जंक्शन भी शामिल है जहां कढ़ी कचोरी मिलती है. गुजरात के सुरेंद्र नगर जंक्शन पर पहुंचने के बाद ऊंटनी के दूध से बनी चाय का लुत्फ लिया जा सकता है. इसके अलावा मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बटाटा वड़ा और पाव भाजी का स्वाद मुंह में अलग जायका घोल देगा.
साउथ में आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा जंक्शन का दाल वड़ा और इडली, तो वेन पोंगल और उत्तपम भी काफी प्रसिद्ध है. तमिलनाडु के चेन्नई सेंट्रल पर रवा डोसा और केरल के एर्नाकुलम जंक्शन पर पहुंचकर आप पंजम पोरी का स्वाद ले सकते हैं. इसके अलावा तिरुवनंतपुरम सेंट्रल में अप्पम और आखिर में कोझिकोड स्टेशन पर कोझिकोड हलवा का बेहतरीन स्वाद ट्राई कर सकते हैं.