देश में कल यानि 16 जनवरी 2021 को कोरोना टीकाकरण अभियान के एक साल पूरे हो गए हैं। 16 जनवरी 2021 को देश में स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाए जाने की शुरुआत हुई थी। इसके बाद से कोरोना टीके दिए जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया समेत कई बड़े नेताओं ने देशवासियों को बधाई दी है।
पीएम मोदी- इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं टीकाकरण अभियान से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को सलाम करता हूं। हमारे टीकाकरण कार्यक्रम ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में काफी ताकत जोड़ दी है। इसने जीवन को बचाने और इस प्रकार आजीविका की रक्षा करने के लिए प्रेरित किया है। साथ ही, हमारे डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका असाधारण है। जब हम दूर-दराज के इलाकों में लोगों का टीकाकरण करते हुए या हमारे स्वास्थ्य कर्मियों को वहां टीके लेते हुए देखते हैं, तो हमारा दिल और दिमाग गर्व से भर जाता है। पीएम मोदी ने कहा कि महामारी से लड़ने के लिए भारत का दृष्टिकोण हमेशा विज्ञान आधारित रहेगा। हम अपने साथी नागरिकों को उचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को भी बढ़ा रहे हैं। आइए हम सभी COVID-19 संबंधित प्रोटोकॉल का पालन करते रहें और महामारी पर विजय प्राप्त करें।
अमित शाह- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व, दृढ़ संकल्प व निरंतर प्रयासों से भारत ने विश्व में एक आदर्श स्थापित किया है कि अगर सरकार व नागरिक देशहित में एकजुट होकर एक साझा लक्ष्य तय कर लें, तो कैसे देश हर चुनौती पर विजय पाकर असंभव को भी संभव बना सकता है।
नड्डा- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस मौके पर खुशी जताते हुए एक ट्वीट किया उन्होंने लिखा कि भारत में अब तक 156 करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराकें लगा दी गई हैं। जिनमें से 99 करोड़ खुराक ग्रामीण भारत में दी गई हैं। हमारी 70 फीसदी वयस्क आबादी पूरी तरह से टीकाकृत है। कार्यक्रम शुरू होने के बाद से तीन करोड़ से अधिक किशोर-किशोरियों को उनकी पहली खुराक मिल चुकी है। भारत ने कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व किया है।
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट कर देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि आज विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान को 1 वर्ष पूरा हो गया है। पीएम के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान ‘सबके प्रयास’ के साथ आज दुनिया का सबसे सफल टीकाकरण अभियान है। मैं सभी स्वास्थ्य कर्मियों, वैज्ञानिकों व देशवासियों को बधाई देता हूं।