भारत में ऐसी कई चीजें है, जो लंबे समय से टूरिस्ट्स का ध्यान आकर्षित करती रही हैं. ताजमहल से लेकर कई यूनिक चीजों के कारण भारत दुनियाभर में मशहूर है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में एक ऐसा डाकघर है जिसके नाम से रिकॉर्ड दर्ज है? जी हां, हिमाचल प्रदेश के स्पीति (Spiti, Himachal Pradesh) के हिक्किम में दुनिया की सबसे ऊंचाई पर एक डाकघर (World’s Highest Post Office) बना है. पहले ये डाकघर कच्ची मिट्टी के बने घर में चलता था लेकिन तब भी लोग दूर-दूर से इसे देखने आते थे.
अब हिक्किम (Hikkim) का ये डाकघर फिर से चर्चा में है. इसे रिनोवेट किया गया है और अब इसकी शक्ल लेटर बॉक्स जैसी कर दी गई है. हाल ही में इसका उदघाटन किया गया, जिसके बाद इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर हुई. रिनोवेट होने के बाद से यहां टूरिस्ट्स की संख्या में काफी बढ़त हो गई है. लोग सिर्फ सेल्फी लेने के लिए यहां दूर-दूर से आते हैं. लाल रंग अब लोगों का ध्यान और खींच रहा है.
लेटर भेजते हैं लोग- इस पोस्ट ऑफिस में हर साल लाखों लोग आते हैं. यहां आने वाले अपनों को इस डाकघर से चिट्ठी भेजते हैं. यहां से भेजी गई चिट्ठियों पर लिखा होता है कि इसे दुनिया की सबसे ऊंचाई वाले डाकघर से भेजा गया है. साथ ही ये टूरिस्ट्स अपने प्रियजनों को यहां के पोस्टकार्ड का स्टैम्प भी भेजते हैं. अब उम्मीद की जा रही है कि पोस्ट ऑफिस के शेप के बदलने से यहां टूरिस्ट्स की संख्या और बढ़ेगी
पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र- हिक्किम डाकघर बीते दिनों से पर्यटकों की नजरों में आ गया है. पहले ये सिर्फ मिट्टी से बने ऑफिस में चलता था. इसकी शुरुआत 1983 से हुई थी और तभी ये भारतीय डाक यहां से चिट्ठियां भेज रहा है. ये डाकघर समुद्र तल से 14 हजार 5 सौ 67 फ़ीट की ऊंचाई पर है. अब यहां के पोस्ट ऑफिस में स्पीति घाटी की तस्वीरों वाले पोस्टकार्ड भी अवेलेबल हैं. जिसे पर्यटक अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को भेज सकते हैं.