सीएम चौहान ने प्रदेश में बाढ़ आपदा नियंत्रण एवं राहत कार्य हेतु सीएम आवास कार्यालय में आपात बैठक ली। बैठक में सीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हवाई दौरे की स्थिति अधिकारियों के साथ दी । बैठक में सीएम ने बारिश और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति शीघ्र सुनिश्चित करने, टूटे हुए पुलों की जगह वैकल्पिक व्यवस्था करने और संचार व्यवस्था दुरुस्त करने और प्रशासन राहत कैंपों में समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराएं जाने के निर्देश दिए।इसके साथ ही जिन लोगों के घर टूट गए हैं, बह गए हैं, उनके लिए फिलहाल कैसे छत, आवास मुहैया हो, वैकल्पिक व्यवस्था हो। बारिश का मौसम है, इसे प्राथमिकता के साथ देखें। मुरैना-भिंड के क्षेत्रों में प्रशासन अलर्ट रहे।
मध्यप्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग में बने बाढ़ के हालात के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान देर शाम दिल्ली पहुंचे। दरअसल चौहान बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के लिए निकले थे। अंधेरा होने के बाद सीएम का दौरा रुका और वे दिल्ली पहुंच गए। सीएम को भाजपा सांसदों की बैठक में शामिल होना था लेकिन सीएम ने भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा को प्रदेश में बाढ़ की स्थिति हवाला दिया और वहां से दस मिनट में फिर भोपाल के लिए रवाना हो गए।
इस दौरान मध्यप्रदेश के अधिकारियों से फोन पर चर्चा करते हुए शिवराज ने कहा, सभी बाढ़ पीड़ितों के रात के खाने की व्यव्स्था कैसे भी की जाए। यदि एक भी व्यक्ति भूख रहा तो मैं खाना नहीं खा सकूंगा। अधिकारियों से मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित लोगों के बारें में बात कर रहे थे।
सीएम ने आगे कहा, प्रदेश में बाढ़ के चलते मेरा ज्यादा समय इस बैठक में रहना सही नहीं है। मैं यहां से जल्दी जाना चाहता था कि राहत के कार्यों और रेस्क्यू ऑपरेशन को ठीक से संचालित कर सकूं। इसलिए मुझे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अनुमति दी कि मैं यहां से तत्काल जाऊं और बाढ़ पीड़ितों की सेवा में लग जाऊं। पीएम मोदी ने भी दो बार फोन पर चर्चा कर मध्यप्रदेश की स्थिति की जानकारी ली। केंद्र सरकार भी लगातार हमें सहयोग कर रही है।
गुरुवार सुबह सीएम चौहान ने पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर चर्चा कर मध्यप्रदेश में बाढ़ की वर्तमान स्थिति, रेस्क्यू ऑपेरशन और राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। सीएम ने प्राथमिक तौर पर बड़े स्तर पर हुए इंफ्रास्ट्रक्चर नुकसान, फसल नुकसान, बिजली आपूर्ति, टेलीकॉम नेटवर्क आपूर्ति व अन्य बुनियादी आवश्यकताओं के संबंध में प्रधानमंत्री मोदी को अवगत कराया एवं केंद्र सरकार द्वारा लगातार मिल रहे सहयोग के लिए आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। पीएम ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि इस कठिन परिस्थिति में केंद्र सरकार मध्यप्रदेश के बाढ़ पीड़ितों के साथ है और प्रदेश को केंद्र द्वारा हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।