प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा मोदी के निधन के बाद पूरा देश शोक में डूब गया है। सोशल मीडिया पर जहां हजारों लोग दुख जता रहे हैं वहीं कई बड़े नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने ट्वीट कर दुख जताया है।
अपनी मां के निधन पर भावुक -प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मां के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है। मैं जब उनसे 100वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा मोदी 100 साल की थीं। उन्होंने शुक्रवार सुबह अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में अंतिम सांस लीं। सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।