टाटा मोटर्स देश में जल्द ही एक नई इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने जा रही है. यह मौजूदा टिगोर ईवी (Tigor EV) का अपडेट वर्जन होगा. कुछ महीने पहले ही टाटा ने Tiago EV को भी भारतीय बाजार में लॉन्च किया था. इसके साथ यह देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक हैचबैक कार बन गई थी. इस लॉन्च इवेंट में भारतीय निर्माता ने घोषणा की कि वे टिगोर ईवी को भी अपडेट करेंगे, क्योंकि टियागो ईवी कुछ ऐसे फीचर्स से लैस थी, जो टिगोर ईवी में नहीं थे. हाल ही में टाटा मोटर्स ने अपडेटेड टिगोर ईवी की टीजर शेयर करना शुरू कर दिया है.
अपडेटेड टिगोर ईवी अगले कुछ दिनों में लॉन्च हो सकती है. टाटा ने टीगोर ईवी को नए फीचर्स के साथ-साथ नए कलर स्कीम के साथ अपडेट किया है. अब तक इलेक्ट्रिक कॉम्पैक्ट सेडान सिर्फ दो कलर सिग्नेचर टील ब्लू और डेटोना ग्रे में बेची जाती है. टाटा मोटर्स जो तीसरा कलर ऑप्शन जोड़ रही है, वह मैग्नेटिक रेड है जो रेगुलर टिगोर में पहले से आता है. नई कलर स्कीम में ब्लू एक्सेंट्स भी होंगे, जो ICE-Tigor को Tigor EV से अलग करते हैं.
इन नए फीचर्स के साथ आएगी ईवी- फीचर्स की बात करें तो टिगोर ईवी अब क्रूज कंट्रोल के साथ आएगी. यह खास फीचर्स अब तक Nexon EV Prime में भी देखने को नहीं मिलता है. इसमें लेदर अपहोल्स्ट्री भी होगी, जो केबिन को प्रीमियम लुक देगी. टाटा ऑटोमैटिक हेडलैंप और रेन-सेंसिंग वाइपर भी दे सकती है. टियागो ईवी भी कई रिजनरेशन मोड के साथ आती है, जिसे टिगोर ईवी में भी दिया जा सकता है.
306 किमी रेंज – मौजूदा टिगोर ईवी में इस्तेमाल की जाने वाली इलेक्ट्रिक मोटर 74.7 पीएस की अधिकतम पावर और 170 एनएम का टॉर्क जनरेट कर सकती है. इसमें ड्राइव और स्पोर्ट्स दो ड्राइविंग मोड मिलते हैं. बैटरी पैक का आकार 26 kWh है, जो लिक्विड-कूल्ड और IP67-रेटेड है. टिगोर ईवी 5.7 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. टिगोर ईवी की ARAI-सर्टिफाइड ड्राइविंग रेंज 306 किमी है. हालांकि, वास्तविक दुनिया में टिगोर ईवी लगभग 180 से 200 किमी की ड्राइविंग रेंज दे सकती है.