आज के दौर की लाइफ स्टाइल में बालों का सफेद होना केवल उम्रदराज लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि युवाओं के लिए भी बेहद आम बात है. लेकिन सफेद बालों से बचने के लिए ज्यादातर लोग हेयर कलर की मदद लेते हैं. जिसके लिए लोगों को काफी पैसा खर्च करना पड़ता है. अपने सामर्थ्य और पसंद के अनुसार कोई घर पर बालों को कलर करता है, तो कोई इसके लिए ब्यूटी पार्लर जाना पसंद करता है.
लेकिन अधिकतर लोगों के सामने दिक्कत ये आती है कि बालों में कलर ज्यादा दिन तक टिकता नहीं है. इस वजह से लोगों को कभी हफ्ते में तो कभी पंद्रह दिन में ही बालों को कलर करवाना पड़ता है. जिसमें काफी पैसा और समय खर्च हो जाता है. ऐसे में लोग वो तरीके जानना चाहते हैं, जो बालों में कलर को ज्यादा दिनों तक टिकाने में मददगार बन सकें.
तो आइये आज हम आपकी इस दिक्कत को दूर करने के लिए कुछ तरीके बता रहे हैं. जिनको अपनाने के बाद बालों में कलर ज्यादा दिनों तक टिका रह सकता है. आइये जानते हैं इनके बारे में.
कुछ लोग बालों को कलर करने के बाद एक-दो दिन में ही शैम्पू कर लेते हैं. जबकि आपको बालों में कलर करने या करवाने के बाद कम से कम तीन-चार दिनों तक शैम्पू नहीं करना चाहिए. दरअसल ऐसा करने से हेयर क्युटिकल कलर लॉक करने का पूरा समय आपको मिल जाता है. जिसकी वजह से बालों में कलर लम्बे समय तक बना रहता है. इसके बाद भी जब भी आप शैम्पू करें तो बहुत ज्यादा बालों को न रगड़ें.
अगर आप चाहते हैं कि बालों में कलर लम्बे समय तक टिका रहे, तो इसके लिए आपको शैम्पू के चयन पर भी ध्यान देना होगा. अपने बालों को धोने के लिए कभी भी नार्मल शैम्पू का इस्तेमाल न करें. बाल कलर करवाने वाले लोगों को इस तरह का शैम्पू लगाना चाहिए जो खासकर कलर्ड बालों के लिए हो. आप इसके लिए सल्फेट फ्री शैम्पू का इस्तेमाल कर सकते हैं.
कलर करवाने वाले लोगों को नार्मल पानी की बजाय फिल्टर्ड वॉटर से हेयर वॉश करना चाहिए. इससे बालों में कलर लम्बे समय तक टिका रहता है. दरअसल टैप वॉटर यानी नल के पानी में क्लोरीन और केमिकल्स काफी पाए जाते हैं. ये हेयर कलर को जल्दी रिमूव करने का काम करते हैं. इसलिए हेयर वॉश करने के लिए फिल्टर्ड वॉटर का इस्तेमाल करें.
बालों में कलर ज्यादा दिनों तक बना रहे इसके लिए आपको गर्म पानी से अपने बालों को धोने से बचना चाहिए. गर्म पानी हेयर कलर की उम्र को कम करने में खास भूमिका निभा सकता है. इतना ही नहीं गर्म पानी से बाल धोने से बालों की नमी भी ख़त्म हो सकती है जिससे बाल रूखे और बेजान हो सकते हैं.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)