बॉलीवुड के खिलाडी कुमार यानि अक्षय कुमार अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ओ माय गॉड 2’ की शूटिंग के लिए 23 अक्टूबर को उज्जैन पहुंच गए हैं। यहां पर उन्होंने महाकाल मंदिर में बेरीकेट में खड़े होकर भगवान महाकाल के दर्शन किए। कोरोना संक्रमण की वजह से अक्षय कुमार ने इस दौरान मास्क लगाए रखा। इतना ही नहीं, पंडित ने भी सभी कोरोना नियमों को ध्यान में रखकर अक्षय कुमार से पूजा करवाई।
जानकारी केअनुसार , अक्षय कुमार उज्जैन में लगभग दो हफ्ते तक अपनी फिल्म ‘ओएमजी 2’ की शूटिंग करेंगे। इस फिल्म के कुछ सीन की शूटिंग महाकाल मंदिर में की जाएगी। इसके अलावा, फिल्म की शूटिंग उज्जैन के कई मंदिर और राम घाट पर भी की जाएगी। साथ ही फिल्म में उज्जैन के अलग-अलग ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को दिखाया जाएगा।
अक्षय कुमार इस फिल्म में भगवान शिव के रूप में नजर आएंगे। ये जानकारी अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपना लुक शेयर कर दी। फिल्म ‘ओएमजी 2’ की शूटिंग शुरू करने के साथ ही अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें वह भगवान शिव के किरदार में नजर आ रहे हैं। अपने लुक को शेयर करते हुए अभिनेता ने कैप्शन में लिखा, ‘कर्ता करे न कर सके शिव करे सो होय..’ OMG2 के लिए आपकी दुआओं और शुभकामनाओं की जरूरत है। यह एक जरूरी सोशल मैसेज देने की हमारी नम्र और ईमानदार कोशिश है। आदियोगी की ऊर्जा हमारी इस यात्रा में हमारा साथ दे। हर हर महादेव।’
वर्क फ्रंट की बात करें तो, अक्षय कुमार के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह ‘राम सेतु’, ‘पृथ्वीराज’, ‘बच्चन पांडे’, ‘रक्षाबंधन’, ‘अतरंगी रे’, ‘गोरखा’, ‘सूर्यवंशी’ और ‘मिशन सिंडरेला’ में काम कर रहे हैं।