नब्बे के दशक में सोनाली बेंद्रे (Sonali Bendre) भी बॉलीवुड में खास मुकाम रखती थीं. अपनी खूबसूरती से उन्होंने लाखों दिलों पर राज किया. सोनाली इंडस्ट्री की उन अभिनेत्रियों में से रही हैं, जो एक समय पर फिल्ममेकर्स की पहली पसंद होती थीं. उनकी खूबसूरती पर भी लाखों लोग फिदा थे, इनमें से एक पाकिस्तान के नामी क्रिकेटर भी शामिल थे. सोनाली बेंद्रे आज अपना 48वां बर्थडे (Sonali Bendre Birthday) सेलिब्रेट कर रही हैं. तो चलिए अभिनेत्री के जन्मदिन पर आपको उनसे जुड़े इस किस्से के बारे में बताते हैं.
सोनाली बेंद्रे कैंसर जैसी भयानक बीमारी को मात देने के बाद आज लाखों लोगों की प्रेरणा भी बन चुकी हैं. सोनाली बेंद्रे की जिंदगी से कई ऐसी बातें जुड़ी हैं, जिनके बारे में कम ही लोगों को जानकारी होगी. ऐसा ही किस्सा है पाकिस्तानी क्रिकेटर और तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का. जी हां, कभी शोएब अख्तर, सोनाली बेंद्रे के प्यार में पड़ गए थे और एक समय पर इन खबरों ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं.
सोनाली बेंद्रे का जन्म 1 जनवरी 1975 में मुंबई में हुआ था. सोनाली ने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया और 90 के दशक में वह इंडस्ट्री की टॉप अभिनेत्रियों में से एक थीं. सोनाली ने 1994 में आई ‘आग’ से अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत की थी. बड़े पर्दे पर आते ही उन्होंने तहलका मचा दिया और लाखों लोगों का दिल जीत लिया. सोनाली बेंद्रे की शुरुआती कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पाईं, लेकिन अपनी मासूमियत से वह लोगों के दिल जीतने में कामयाब रहीं. अपनी पहली फिल्म के लिए अभिनेत्री को न्यू फेस ऑफ द ईयर का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था.
सोनाली बेंद्रे का फिल्मी करियर-सोनाली ने मॉडलिंग से एक्टिंग जगत में कदम रखा था. दिलजले में अपनी जबरदस्त एक्टिंग से उन्होंने लोगों की खूब तारीफें बटोरीं. सोनाली, सलमान खान, सैफ अली खान , तब्बू और करिश्मा कपूर जैसे सितारों के साथ ‘हम साथ-साथ हैं’ में भी दिखाई दी थीं. फिल्म ने इन्हें सफलता तो दिलाई ही, साथ ही इनके लिए मुश्किल का सबब भी बन गई. उनके खिलाफ केस भी दर्ज हो गया था.
सोनाली बेंद्रे की लव लाइफ-बात करें, सोनाली बेंद्रे की लव लाइफ की तो उनका नाम अभिनेता, राजनेता से लेकर क्रिकेटर तक से जुड़ा था. सुनील शेट्टी से उनकी नजदीकियों के खूब चर्चे थे. चर्चा तो यहां तक थी कि सोनाली ने सुनील शेट्टी को शादी के लिए तक प्रपोज कर दिया था लेकिन, बाद में खबर आई कि दोनों का ब्रेकअप हो गया है. इसके अलावा सोनाली का नाम राजनेता बाला साहब ठाकरे के भतीजे और मशहूर राजनेता राज ठाकरे से भी जुड़ा था. लेकिन, राज ठाकरे के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था.
वैसे तो सोनाली बेंद्रे को चाहने वालों की लिस्ट काफी लंबी है, लेकिन इनमें एक नाम पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर का भी है. जो अक्सर अपने बयानों के चलते चर्चा में रहते हैं. शोएब अख्तर, सोनाली के प्यार में ऐसे दीवाने हो गए थे कि वह उनके लिए हर हद तक जाने को तैयार थे. एक इंटरव्यू में शोएब अख्तर ने तो यहां तक कह दिया था कि अगर सोनाली उनका प्रपोजल एक्सेप्ट नहीं करती हैं तो वह उन्हें किडनैप करवा लेंगे. लेकिन, कई स्टार्स और फेमस पर्सनालिटी के साथ नाम जुड़ने के बाद अचानक उन्होंने 12 नवंबर 2002 में फिल्म डायरेक्टर गोल्डी बहल के साथ शादी करके जन्म भर के लिए उनका हाथ थाम लिया. सोनाली और गोल्डी की पहली मुलाकात 1994 में हुई थी.