क्रिकेटर ऋषभ पंत शुक्रवार को बड़े हादसे का शिकार हो गए. डिवाइडर से टकराने के बाद वह जैसे ही विंड स्क्रीन तोड़कर बाहर आए तो गाड़ी में आग लग गई. इस बीच हरियाणा रोडवेज बस के ड्राइवर सुशील कुमार उनके सामने मसीहा बनकर पहुंचे. वह सबसे पहले ऋषभ को जलती कार से दूर ले गए. उसके बाद उन्होंने क्रिकेटर को अस्पताल पहुंचाया. इस हादसे में ऋषभ की कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई. हादसा शुक्रवार तड़के दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर हुआ.
हादसे को लेकर हरिद्वार एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि क्रिकेटर ऋषभ पंत के साथ हादसा हरिद्वार जिले के मंगलोर में सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ. उन्हें झपकी आ गई थी और वह डिवाइडर से टकरा गए. उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त वहां से हरियाणा रोडवेज की बस गुजर रही थी. उसके ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी और ऋषभ पंत को बचा लिया. इसके बाद पंत को रूड़की के सक्षम अस्पताल ले जाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल भेज दिया गया.
मां को सरप्राइज देना चाहते थे पंत-एसएसपी ने बताया कि पंत को सिर, पीठ और पैरों में चोट आई हैं. उनकी हालत स्थिर है. इस बीच आईसीयू में पंत का इलाज कर रहे डॉक्टर सुशील नागर ने बताया कि पंत को सिर पर और घुटने में चोटें आई है. जब उन्हें अस्पताल लाया गया तब वह पूरी तरह से होश में थे. पंत ने डॉक्टर को बताया कि वह घर जाकर मां को सरप्राइज देना चाहते थे.