हर साल दूर दराज से श्रद्धालु इन तीर्थ स्थलों पर पहुंचते हैं। अधिकतर लोग परिवार के साथ तीर्थ स्थलों पर जाते हैं। तीर्थ स्थल पर पहुंचकर न केवल उनकी आस्था को संतुष्टी मिलती है, बल्कि दिल को सुकून भी मिलता है। अधिकतर तीर्थ स्थल प्राकृतिक नजारों के बीच में बसे हैं। ऐसे में यहां की खूबसूरती भी मनमोहक होती है। लेकिन इन तीर्थ स्थलों पर पहुंचने और मंदिर में ईश्वर के दर्शन करने के लिए रास्ते लंबे और जटिल भी होते हैं। कई तीर्थ स्थल पहाड़ों पर बसे हैं। ऐसे में इन जटिल रास्तों पर हर किसी का चलना आसान नहीं होता। उन्हें खच्चर-घोड़ों का सहारा लेना पड़ता है। कई बार लोगों के पास समय कम होने के कारण वह इन लंबे और जटिल मार्ग पर जाने से चूक जाते हैं। ऐसे में तीर्थ स्थलों पर अब हेलीकॉप्टर की यात्रा की सुविधा भी मिलने लगी है। जानते हैं भारत के ऐसे तीर्थ स्थलों के बारे में जहां हेलीकॉप्टर से यात्रा की सुविधा मिलती है, ताकि कम समय में आसानी से आप मंदिर के दर्शन कर सकें।”
वैष्णो देवी, कटरा-भारत के सबसे पवित्र और प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों में वैष्णो देवी का नाम है। वैष्णो देवी की हिंदू धर्म में बहुत मान्यता है। जम्मू के कटरा में त्रिकुटा पर्वत पर एक गुफा में माता वैष्णो देवी का दरबार है। यह सबसे लोकप्रिय धार्मिक स्थलों में से हैं जहां साल भर भक्तों की भीड़ रहती है। लेकिन यहां पहुंचने के लिए लंबी चढ़ाई चढ़नी पड़ती है। मंदिर की ऊंचाई करीब 5200 फीट है। ऐसे में कटरा से भवन तक 12 किलोमीटर तक का सफर पैदल तय करना पड़ता है। हालांकि रास्ते में घोड़े, खच्चर, रोप वे और कुछ किलोमीटर तक टैक्सी की सुविधा मिलती है लेकिन इतनी लंबी चढ़ाई के लिए वैष्णो देवी में हेलीकॉप्टर की सुविधा भी दी जाती है। जिसकी बुकिंग आप माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की वेबसाइट या काउंटर से कर सकते हैं।”
केदारनाथ मंदिर, उत्तराखंड- भारत के प्रसिद्ध चार धामों में से एक केदारनाथ मंदिर है। भगवान शिव के इस मंदिर में हर साल लाखों भक्त यात्रा दर्शन के लिए पहुंचते हैं। लेकिन केदारनाथ तीर्थ स्थल को सबसे कठिन तीर्थ टैक में से एक माना जाता है। काफी विकास के बाद भी गौरीकुंड से केदारनाथ मंदिर तक की चढ़ाई कठिन हर किसी के बस की बात नहीं होती। ऐसे में उत्तराखंड सरकार ने यहां निजी हेलीकॉप्टर सेवा दी हुई है, जिसके जरिए आसानी से केदारनाथ धाम के दर्शन कर सकते हैं।
गंगोत्री, उत्तराखंड-उत्तराखंड के चार प्रमुख धामों में गंगोत्री भी एक है। भारतीय हिमालय पर बसे इस खूबसूरत मंदिर से भक्तों की असीम आस्था जुड़ी है। लेकिन गंगोत्री मंदिर तक पहुंचने का सफर काफी कठिन है। ऐसे में विकल्प के तौर पर यहां हेलीकॉप्टर की सुविधा उपलब्ध है। यात्री देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड से गंगोत्री के लिए सफर की शुरुआत कर सकते हैं, जो हरसिल में जाकर रुकेगी। यहां से गंगोत्री तीर्थ स्थल पहुंचना आसान हो जाता है।”
अमरनाथ मंदिर- भगवान शिव ने माता पार्वती को जीवन के अनंत काल का रहस्य जिस गुफा में बताया था, वही अमरनाथ मंदिर के नाम से विख्यात हुआ। अमरनाथ की यात्रा को सबसे कठिन माना जाता है। बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच से गुजरते हुए अमरनाथ की गुफा तक पहुंचा जाता है। ठंड, पथरीले रास्ते यात्रियों के पैरों में छाले तक ले आते हैं लेकिन आप चाहें तो हेलीकॉप्टर सेवा को अपनाकर अमरनाथ मंदिर के दर्शन कर सकते हैं। लेकिन अमरनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा लेनी हो तो महीनों पहले से बुकिंग करानी पड़ती है।