महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के दूसरे सबसे बड़े मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा कि नागपुर से शिरडी तक निर्माण पूरा हो चुका है, प्रधानमंत्री उस हिस्से का उद्घाटन करेंगे। एक्सप्रेसवे का शेष हिस्सा अगले छह महीनें में बनकर तैयार हो जाएगा। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे अभी राज्य का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे है। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि मार्ग’ छह लेन का पहुंच-नियंत्रित राजमार्ग है।
फडणवीस ने कहा, यह हमारे लिए खुशी और गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नागपुर-समृद्धि एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। वह नागपुर से शिरडी तक पांच सौ किलोमीटर की दूरी का उद्घाटन करेंगे, जो पूरा हो चुका है। शेष खंड अगले छह महीने में पूरा हो जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने आगे बताया कि एक्सप्रेसवे मार्ग पर एक नया आर्थिक गलियारा (इकोनॉमिक कॉरिडोर) बनेगा। इस एक्सप्रेसवे के जरिए 14 जिलों को एकीकृत कर बंदरगाह से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह एक्सप्रेसवेज विदर्भ, मराठवाड़ा और पूरे महाराष्ट्र में समृद्धि लाएगा।’ 49,250 करोड़ की लागत से यह 701 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे है, जो11 जिलों के 392 गांवों से होकर गुजरता है।