इस्लामाबाद. बाढ़ और आर्थिक संकट से जूझ रहे पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. देश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र मलेरिया जैसी बाढ़ जनित बीमारियों के खतरे से जूझ रहे हैं. पाकिस्तान को एक बार फिर भारत की याद आई है, अब पाकिस्तान मलेरिया के कहर से निपटने के लिए भारत से सहायता की आस लगाए बैठा है. हालत ये है कि अब पाकिस्तान के पास मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी तक नहीं है.
पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार गुलाम अब्बास शाह ने एक ट्वीट थ्रेड में लिखा है कि पाकिस्तान में मलेरिया फैलने के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय ने पाकिस्तान सरकार से भारत से मच्छरदानी खरीदने की अनुमति मांगी है. पाकिस्तान के 26 जिलों में 71 लाख मच्छरदानी की तत्काल आवश्यकता है. उन्होंने आगे लिखा है कि पाकिस्तान में बाढ़ प्रभावित सिंध और बलूचिस्तान प्रान्त में पिछले दो महीनों में दो लाख लोग मलेरिया से संक्रमित हुए हैं, जिसमें 22% मामले प्लास्मोडियम फाल्सीपेरम प्रकार के हैं.
#BreakingNews : After the spread of malaria in #Pakistan, the Ministry of Health asked the government of Pakistan for permission to buy mosquito nets from #India. There is an urgent need for 71 lakh mosquito nets in 26 districts of Pakistan. #FloodsInPakistan 2-1 pic.twitter.com/Ri0fRWcSl4
— Ghulam Abbas Shah (@ghulamabbasshah) September 21, 2022
यह बयान तब आया है जब पाकिस्तानी अधिकारियों ने भारत से राहत आपूर्ति प्राप्त करने से इंकार कर दिया था, पाकिस्तान अपने “वैश्विक छवि” को सकारात्मक बनाने में जुटा है इसलिए उसने बांग्लादेश से सहायता लेने पर भी इंकार किया है. पाकिस्तान को लगता है कि उसकी “वैश्विक छवि” नकारात्मक रूप से प्रभावित होगी, जो पहले से है.
जिओ न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग 3 करोड़ आबादी बाढ़ से प्रभावित है. पाकिस्तान में बाढ़ से अबतक 1,159 लोगों की जान जा चुकी है वहीं 12 हजार लोग जख्मी है. पिछले 24 घंटो में 15 की मौत हुई है, 19 लाख लोगों का घर क्षतिग्रस्त हो गया है. इस भयंकर प्राकृतिक आपदा में 9 लाख जानवरों की मौत हो चुकी है.”