अभिनेता रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर स्टारर लव रंजन की आगामी फिल्म का सेट एक हादसे में जल गया है। बीती रात अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास शुक्रवार को एक ओपन एयर फिल्म स्टूडियो में भीषण आग लग गई। इस आग की चपेट में इंडस्ट्री में काम करने वाले एक शख्स की मौत हो गई है।
चार घंटे में निकला शव- चित्रकूट स्टूडियो में आग की लपटें शुक्रवार शाम उठना शुरू हुईं। स्टूडियो 5,000 वर्ग फुट में फैला था, जहां 2 महंगे बजट की फिल्मों की शूटिंग के लिए सेट लगाए गए थे। अचानक धुएं के घने बादल बाहर निकलते देखे गए जिसके बाद फायर ब्रिगेड और बचाव एजेंसियों को बुलाया गया। मुंबई फायर ब्रिगेड और बचाव एजेंसियां आग से निपटने के लिए लगभग 10 फायर ब्रिगेड गाड़ियों के साथ आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। तकरीबन 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और 32 वर्षीय मनीष देवाशी का शव वहां से निकाला गया।
View this post on Instagram
दिग्गज एक्टर धर्मेन्द्र के पोते औऱ सांसद व एक्टर सनी देओल के बेटे राजवीर देओल भी इसी एरिया में शूटिंग कर रहे थे। बताया जा रहा है कि राजवीर राजश्री प्रॉडक्शन की आगामी फिल्म से डेब्यू करने वाले हैं। जिसकी शूटिंग यहां चल रही थी। लेकिन खबर है कि राजवीर सुरक्षित हैं। राजश्री ने घटना की खबर मिलते ही शूटिंग को रोक दिया था और कास्ट-क्रू को सुरक्षित निकालकर घर भेज दिया था।