दिल्ली के कई हिस्सों में गुरुवार को बारिश हुई, जिससे शहर के लोगों को भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम से राहत मिली। बारिश के कारण शहर के कुछ निचले इलाकों में जलभराव हो गया और आनंद पर्वत, रोहतक रोड, जखीरा, किराड़ी और लाजपत नगर सहित अन्य इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली यातायात पुलिस ने भी लोगों को बारिश और जलभराव के कारण विभिन्न सड़कों पर यातायात प्रभावित होने के बारे में सूचित किया और उन्हें अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी।
ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट किया, “न्यू रोहतक रोड पर आनंद पर्वत से ज़खीरा की ओर जाने वाली सड़क और गली नंबर-10, आनंद पर्वत के पास जलभराव के कारण यातायात प्रभावित है। कृपया इन रास्तों पर जाने से बचें।
Traffic Alert
Traffic is affected on New Rohtak Road in both the carriageways from Anand Parbat towards Zakhira and vice-versa due to waterlogging near Gali No.10, Anand Parbat. Kindly avoid the stretch.— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) July 28, 2022
दो दिन तक यूपी और बिहार में होगी बारिश- मॉनसून के उत्तर की ओर बढ़ने से उत्तर भारत में बारिश में वृद्धि होने जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी और बिहार में आज से अगले 2 दिनों तक तेज बारिश देखने को मिल सकती है। यूपी और बिहार में 19 जुलाई तक मौसम लगभग ड्राई था जबकि 20 जुलाई से दोनों राज्यों में हल्की बारिश हुई है। हालांकि, अब दोनों ही राज्यों में 28 जुलाई से तेज बारिश होने की संभावना हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ में आज से 31 जुलाई तक तेज बारिश होने की संभावना है। गाजियाबाद में आज बादल छाए रहेंगे। साथ ही बारिश और गरज के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।
उत्तराखंड में येलो अलर्ट-उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में तेज बारिश के पूर्वानुमान के चलते मौसम विभाग ने राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज उत्तरकाशी, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चमोली जिले में तेज बारिश हो सकती है। इसी तरह नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।