आजकल की कॉम्पिटेटिव दुनिया में खुद को बेहतर साबित करने के लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ते हैं. जिंदगी का पहिया आज कुछ इस तरह से चल रहा है कि हर समय हमें अपना बेस्ट देना होता है. क्योंकि अगर हम बेस्ट नहीं करेंगे, तो कोई और हमसे आगे निकल जाएगा. ये एक सामान्य परसेप्शन है. जिंदगी हो या ऑफिस लाइफ. हमें हर जगह ऐसी ही परिस्थियों का सामना करना पड़ता है. इस परिस्थिति का सबसे नजदीक से हमारा सामना तब होता है, जब किसी जॉब इंटरव्यू के लिए जाते हैं. उस वक्त हमारे जेहन में कई तरह के सवाल दौड़ रहे होते हैं. कुछ नौकरी से जुड़े, कुछ खुद से जुड़े, कुछ खुद की शिक्षा और अनुभव से जुड़े. दरअसल हमारा दिमाग उस वक्त इंटरव्यूअर के दिमाग को पढ़ने में लगा होता है. हम सोच रहे होते हैं कि वो क्या सवाल पूछेंगे? तो आपको बता दें कि इंटरव्यू के लिए
आए पार्टिसिपेंट्स में एम्प्लॉयर (Employer) अक्सर जिस चीज़ की तलाश करते हैं, वो है उनका वर्किंग इंट्रेस्ट, समर्पण और जुनून. अगर आप किसी भी जॉब इंटरव्यू में कामयाब होना चाहते हैं, तो ये ध्यान रखें कि बातचीत के दौरान ही आपको ये साबित कर देना होगा कि आपके अंदर अपने काम को लेकर कितना जुनून भरा है. इसलिए सबसे जरूरी है कि आप इस जुनून को किस तरह से इंटरव्यूअर (interviewer) को दिखा सकते हैं? कैसे आप इंटरव्यू में खुद को सबसे बेहतर दावेदार बना सकते हैं. दैनिक भास्कर अखबार ने हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू (Harvard Business Review) के हवाले से इससे जुड़े कुछ टिप्स बताए हैं. ये टिप्स इंटरव्यू की तैयारी करने में आपकी मदद कर सकते हैं.
शुरुआत- आखिर क्यों इस जॉब को चुना? किसी भी इंटरव्यू की शुरुआत में अगर आप बजाय ये बताने के कि आपने पहले क्या और कितना काम किया है, ये बताएं कि आपकी महत्वाकांक्षाएं (ambitions) क्या हैं. आखिर क्यों आपने इस काम को करने का सोचा है. ये भी बता सकते हैं कि पूर्व में आपके द्वारा किए गए काम का क्या प्रभाव हुआ है. जैसे एक युवा कोडर को सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन बनाने का शौक था, कोडिंग के प्रति उसका समर्पण ही उसके जुनून को बनाए रखता था.
बहुद कम और गिने-चुने प्रत्याशी ही इंटरव्यू लेने वाले को ये बता पाते हैं कि कब और कैसे उन्हें अपने काम के लिए ऊपर उठकर कुछ सोचना पड़ा या कितनी बार उन्होंने अपनी क्षमता से ज्यादा काम किया. और कंफर्ट जोन को तोड़कर काम किया. इसका मतलब है कि कब उन्होंने समय और वर्कफोर्स की परवाह किए बिना अपने टारगेट को पूरा किया और बेहतर नतीजे दिए.जब आपमें किसी चीज को लेकर जुनून होता है, तो ये धीरे-धीरे जीवन के अन्य क्षेत्रों में भी नजर आने लगता है. उदारहण- अपने जॉब इंटरव्यू के दौरान एक शख्स ने अपने खाली समय में रोबोट्स पर बनाए हुए कुछ वीडियो दिखाए. उसने कुछ ऐसे प्रोजेक्ट्स भी दिखाए जिससे अपने काम और विषय के प्रति उसकी गहरी दिलचस्पी और समर्पण दिखाई दिया.कई बार ऐसा होता है कि आपका जुनून केवल नौकरी तक ही सीमित नहीं रह जाता. ये आपके काम के दायरे के आगे जाकर भी आपको प्रेरित करता है. इंटरव्यू में एक शख्स ने ये भी बताया कि कैसे उसने बेघर लोगों की मदद की थी. उसने एक ऐसा प्रोग्राम कोड किया जिससे सर्विंग एफिशियंसी बढ़ गई थी. उसकी इस कोशिश से बड़ा फर्क दिखाई देने लगा था.