दिसबंर यानि साल का आखिरी महीना और इस महीने दुनियाभर में मनाया जाने वाला बड़ा पर्व क्रिसमस आने वाला है। हर साल 25 दिसंबर को क्रिसमस का त्योहार मनाया जाता है। क्रिसमस पर परिवार, दोस्त, रिश्तेदार आपस में मिलते हैं पार्टी करते हैं। क्रिसमस के मौके पर कई लोग बाहर घूमने का प्लान बनाते हैं।
कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है लेकिन कई लोग घरों में कैद रहने के बजाए क्रिसमस को सेलिब्रेट करने के लिए कही घूमने फिरने का प्लान बना रहे होंगे। अगर आप क्रिसमस में परिवार या दोस्तों के साथ घर से बाहर क्रिसमस मनाने का प्लान बना रहे हैं, तो पहले ये तय कर लीजिए कि कहां घूमने जाना है।
वैसे तो देश में कई ऐसे शहर और जगहें हैं जहां क्रिसमस सेलिब्रेशन काफी धूमधाम से होता है, लेकिन कुछ जगहें क्रिसमस पार्टी के लिए ही प्रसिद्ध हैं। यहां आपको देश की ऐसी ही चार जगहों के बारे में बताया जा रहा है, जहां आप अपना क्रिसमस बना सकते हैं यादगार।
गोवा में क्रिसमस सेलिब्रेशन- गोवा पर्यटकों का पसंदीदा डेस्टिनेशन है। वहीं गोवा क्रिसमस और नए साल के सेलिब्रेशन के लिए मशहूर है। गोवा में क्रिसमस की पार्टी काफी धूमधाम से होती है। बीच पर म्यूजिक, डांस, मस्ती और पार्टी करते लोग गोवा में नजर आ जाते हैं। गोवा में काफी फेमस चर्च भी हैं। आप अपने दोस्तों या परिवार के साथ गोवा में क्रिसमस सेलिब्रेट कर सकते हैं।
कोलकाता में क्रिसमस का जश्न- बंगाल दुर्गा पूजा के लिए प्रसिद्ध है लेकिन क्रिसमस सेलिब्रेशन के लिए भी हर साल यहां हजारों लोग आते हैं। कोलकाता में ब्रिटिश शासन से ही धूमधाम से क्रिसमस मनाने का ट्रेंड शुरू हो गया था, जो आज भी जारी है। यहाँ के लोग क्रिसमस के मौके पर नाचते- गाते और मस्ती करते हैं। क्रिसमस के मौके पर पार्क स्ट्रीट का नजारा देखते बनता है। इसके अलावा कोलकाता के सेंट पॉल कैथेड्रल चर्च में लोगों की भीड़ मिलती है। यहां हर साल क्रिसमस फेस्ट का आयोजन किया जाता है।
शिमला का क्रिसमस सेलिब्रेशन -दिसंबर की सर्दी में बर्फबारी के बीच खूबसूरत लाइट से सजे हिल स्टेशन की रौनक देखनी हो तो क्रिसमस में शिमला जाएं। क्रिसमस सेलिब्रेशन के लिए शिमला बेहतर विकल्प है। कपल्स के लिए यह जगह क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए बेस्ट रहेगी। कालका से शिमला के लिए टाॅय ट्रेन का मजा लें। यहां ब्रिटिश काल की कई ऐतिहासिक इमारतें भी आपको देखने को मिलेंगी।
कोच्चि में क्रिसमस कार्निवाल – कोच्चि शहर में काफी सारे पुराने और फेमस चर्च हैं। भारत का सबसे पुराना युरोपियन चर्च भी कोच्चि में ही है। यहां क्रिसमस के मौके पर कार्निवाल का आयोजन होता है। कोच्चि कार्निवाल में म्यूजिकल फायर वर्क, गेम्स, स्पोर्ट्स जैसी कई ऐक्टिविटीज होती हैं।