गुजरात सरकार ने मादक पदार्थ के खतरे को काबू करने के लिए अब हर संभव कोशिश करने शुरू कर दिए हैं. अब अपने इसी मकसद से बुधवार को नकद इनाम देने की योजना की शुरुआत की गई है. इसी के तहत मादक पदार्थ की सूचना देने वाले को जब्त खेप की कीमत की 20 फीसदी तक की राशि नकद पुरस्कार के रूप में दी जाएगी. चाहे यह सूचना देने वाला शख्स कोई सरकारी अधिकारी हो या कोई अन्य व्यक्ति.
लंबी तटीय रेखा के चलते गुजरात में पाकिस्तान, ईरान और अफगानिस्तान से मादक पदार्थों की खेप तस्करी कर लाए जाने के मामले सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है. पिछले महीने कच्छ जिले की मुंद्रा बदरगाह पर 21,000 करोड़ रुपये कीमत की 2,988.21 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई थी.
राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने संवाददाताओं से कहा कि युवाओं को नशे की चपेट में जाने से बचाने के लिए इस योजना पर पिछले काफी समय से विचार-विमर्श किया जा रहा था. उन्होंने बताया कि अब राज्य सरकार ने बुधवार को इसे लागू करने का भी फैसला कर लिया है.