मध्य प्रदेश के खंडवा से सांसद नंद कुमार सिंह का निधन हो गया. सांसद काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज दिल्ली के मेदांता अस्पताल में चल रहा था. वह कोरोना पॉजिटिव भी हो गए थे, उसका भी इलाज चल रहा था.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के कई बड़े नेताओं ने उनके निधन पर दुख जाहिर किया है.
पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘खंडवा से लोकसभा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन से दुखी हूं. उन्हें संसदीय कार्यवाही में योगदान, मध्य प्रदेश में भाजपा को मजबूत करने के लिए संगठनात्मक कौशल और प्रयासों के लिए याद किया जाएगा. उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं.’
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि नंद कुमार सिंह चौहान का पार्थिव शरीर दिल्ली से आज उनके पैतृक गांव लाया जाएगा। जहां से बुधवार (03 मार्च) को उनको अंतिम विदाई दी जाएगी। अंतिम संस्कार गृहनगर शाहपुर में होना है।
शिवराज सिंह चौहान नेअपने एक अन्य ट्वीट में लिखा,”प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नंदू भैया ने अपना सर्वोत्कृष्ट योगदान दिया। नंदू भैया की पार्थिव देह आज उनके गृह ग्राम पहुंचेगी। कल हम सब उन्हें विदाई देंगे। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं।”