पिछले दिनों पॉपुलर टीवी शो ‘भाबी जी घर पर हैं’ (Bhabiji Ghar Par Hai) के पॉपुलर किरदार ‘मलखान’ यानी दीपेश भान (Deepesh Bhan) का हार्ट अटैक से निधन हो गया. दीपेश कंपाउंड में क्रिकेट खेल रहे थे, तभी अचानक वह जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. यहां डॉक्टर्स ने दीपेश को मृत घोषित कर दिया. दीपेश के जाने के बाद अब उनका परिवार एक अलग ही मुसीबत में फंस गया है. दरअसल, दीपेश के जाने के बाद उनके परिवार पर 50 लाख का होम लोन है, जिसे उन्हें चुकाना है. ऐसे में ‘भाबीजी घर पर हैं’ की टीम दीपेश के परिवार की मदद के लिए आगे आई है.
हाल ही में आसिफ शेख, जो भाबी जी घर पर हैं में विभूती नारायण का किरदार निभाते हैं ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में आसिफ शेख और रोहिताश्व गौड़ नजर आ रहे हैं. वीडियो में दोनों को दीपेश भान के परिवार के लिए शुरू किए गए फंड का जिक्र करते देखा जा सकता है. जिसमें दोनों ने दीपेश के परिवार के लिए 50 लाख रुपए इकट्ठे करने की गुजारिश की है.
View this post on Instagram
वीडियो में आसिफ कहते हैं- ‘दीपेश भान, जो कि भाबी जी घर पर हैं में बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे मलखान की, अचानक उनका देहांत हो गया और अपने पीछे वह अपनी बीवी और एक 18 महीने का बच्चा छोड़ गए हैं. क्योंकि, उनका कोई फाइनेंशियल बैकग्राउंड नहीं है और उनके ऊपर 50 लाख का होम लोन भी है.’
इसके आगे वीडियो में रोहिताश्व कहते हैं- ‘हमारा मकसद सिर्फ ये है कि हम किसी भी तरह इस परिवार को इस होम लोन से निजात दिलाएं, लेकिन दुख की बात ये है कि बहुत सारे लोगों ने कुछ फेक आईडी क्रिएट की हैं और गलतफहमी में कुछ लोग इसमें अपना डोनेशन डाल रहे हैं. इसलिए हमने कैप्शन में डोनेशन लिंक शेयर किया है. आपसे निवेदन है कि सिर्फ इसी लिंक पर डोनेशन करें. बाकी भाबीजी घर पर हैं की पूरी टीम की ओर से उन सभी को शुक्रिया, जो दीपेश भान के परिवार के लिए डोनेट कर रहे हैं.