गुजरात के मोरबी इलाके में माच्छू नदी में आज एक केबल पुल गिर गया. बताया जाता है कि जब पुल गिरा उस समय उस पर करीब 500 लोग सवार थे. मौके पर बचाव कार्य जोरों से चल रहा है. करीब 100 लोगों के अभी भी पानी में फंसे होने की आशंका है. इस पुल को चार दिन पहले मरम्मत के बाद खोला गया था.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और संबंधित अधिकारियों से मोरबी में हुई दुर्घटना के संबंध में बात की. उन्होंने बचाव अभियान के लिए तत्काल टीमों को लगाने की मांग की है. उन्होंने स्थिति की बारीकी से और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद देने को कहा है.मोरबी केबल ब्रिज कई साल पहले बना एक ऐतिहासिक पुल था. मरम्मत और जीर्णोद्धार के बाद गुजराती नववर्ष के अवसर पर 26 अक्टूबर को इस पुल का उद्घाटन किया गया था. रिपोर्टों के मुताबिक, पुल के नवीनीकरण के लिए सरकारी टेंडर ओधवजी पटेल के स्वामित्व वाले ओरेवा ग्रुप को दिया गया था.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी में हुए हादसे में जान गंवाने वालों में से प्रत्येक के परिजनों के लिए PMNRF से दो लाख रुपये की मदद राशि की घोषणा की है. प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये दिए जाएंगे. राज्य सरकार प्रत्येक मृतक के परिवार को चार लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये का मुआवजा देगी.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोरबी में हुए हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने कहा है कि इस विषय में उन्होंने गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी व अन्य अधिकारियों से बात की है. स्थानीय प्रशासन पूरी तत्परता से राहत कार्य में लगा है. राघव चड्ढा ने कहा कि, गुजरात के मोरबी में ब्रिज टूटने की खबर से मन बेहद दुखी है. प्रभु से सभी पीड़ितों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं.
Prime Minister Narendra Modi has announced an ex-gratia of Rs 2 lakhs from PMNRF for the next of kin of each of those who lost their lives in the mishap in Morbi. The injured would be given Rs. 50,000. https://t.co/vEq75BLrox pic.twitter.com/Ul7xqeixZn
— ANI (@ANI) October 30, 2022