भारतीय महिला क्रिकेट टीम श्रीलंका दौरे पर गई है. यहां टीम को 3 वनडे और इतने ही टी20 की सीरीज खेलनी है. पहला टी20 23 जून यानी गुरुवार को डांबुला में खेला जाना है.
इस मैच से पहले भारतीय टीम ने जश्न मनाया. आप आप सोच रहे होंगे कि मैच से पहले ही टीम ने जश्न क्यों मनाया तो यह भी आपको बता देते हैं. दरअसल, भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने अपनी साथी हरलीन देओल के जन्मदिन का जश्न मनाया. हरलीन देओल 24 बरस की हो गईं हैं. वैसे तो उनका जन्मदिन 2 दिन पहले यानी 21 जून को था.
इसकी कुछ तस्वीरें और वीडियो हरलीन ने अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर की हैं. इसमें साथी खिलाड़ियों से घिरीं हरलीन केक काटते नजर आ रही हैं.हरलीन देओल ने इन तस्वीरों को शेयर करने के साथ लिखा, “घर से दूर एक परिवार का होना हमेशा अच्छा लगता है. जन्मदिन के मौके पर आप लोगों ने मुझे जो प्यार दिया, उसके लिए धन्यवाद.
हरलीन ने 2019 में भारत के लिए डेब्यू किया था. उन्होंने अब तक 1 वनडे और 13 टी20 खेले हैं. उन्होंने टी20 में 135 और वनडे में 2 रन बनाए हैं. वो बल्लेबाजी के साथ लेग स्पिन गेंदबाजी भी करती हैं. हालांकि, करियर की शुरुआत में वो ऑफ स्पिनर थीं. लेकिन, परिस्थितियों के कारण उन्होंने लेग स्पिन गेंदबाजी शुरू की. दरअसल, जब उन्हें पंजाब की सब-जूनियर टीम में चुना गया था. तब, उस टीम में कोई लेग स्पिनर नहीं था. यहीं से उनके लेग स्पिनर बनने की शुरुआत हुई.
हरलीन देओल का क्रिकेट का सफर आसान नहीं रहा. उन्होंने क्रिकेटर बनने के लिए 13 बरस की उम्र में अपने परिवार और घर को छोड़ दिया था और चंडीगढ़ छोड़ हिमाचल प्रदेश आ गईं थीं. वो घरेलू क्रिकेट हिमाचल प्रदेश की तरफ से खेलती हैं.हरलीन ने 22 फरवरी 2019 को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था. वह तानिया भाटिया के बाद भारत के लिए खेलने वाली चंडीगढ़ की दूसरी महिला क्रिकेटर बनीं थी.
हरलीन काफी स्टाइलिश हैं और अपनी फिटनेस पर काफी ध्यान देती हैं. उनके वर्कआउट की तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर अक्सर वायरल हो जाते हैं. खूबसूरती के मामले में हरलीन किसी बॉलीवुड एक्ट्रेस से कम नहीं हैं.