साउथ के जाने-माने अभिनेता जूनियर एनटीआर तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री का एक बहुत बड़ा नाम है। अभिनेता 20 मई को 39 साल के हो रहे हैं।इंडस्ट्री में उन्हें प्यार से ‘यंग टाइगर’ के नाम से भी जाना जाता है। उनके फैंस दुनिया भर में फैले हुए हैं।
हाल ही में एस एस राजामौली के निर्देशन में बनी उनकी पैन इंडिया फिल्म ‘आरआरआर’ रिलीज हुई थी। रिलीज होते ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन किया था। फिल्म में जूनियर एनटीआर ने अपने गजब के ट्रांसफॉर्मेशन से फैंस का दिल जीत लिया था।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपका यह पसंदीदा कलाकार अपने करियर के शुरुआती दिनों में बहुत मोटा हुआ करता था। उनके मस्कुलर मैन बनने की कहानी बहुत दिलचस्प है। आज उनके जन्मदिन के इस खास मौके पर हम आपको उनके फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन की कहानी बताने जा रहे हैं।
मजाक उड़ाते थे लोग- सिनेमा में हर कलाकार जितना लाइमलाइट में रहता है उसको अपने करियर में उस मकाम तक पहुंचने के लिए बहुत सी चीजों से गुजरना पड़ता है, बहुत कुछ झेलना भी पड़ता है। अपने करियर के इस मुकाम पर पहुंचने के बाद एनटीआर ने खुलासा किया था कि लोग उनके मोटापे का बहुत मजाक उड़ाते थे।
वजन घटाने की ठान बैठे थे एनटीआर- जूनियर एनटीआर की जबरदस्त अदाकारी के बाद भी, जब लोग उनके मोटापे की वजह से उनका मजाक उड़ाते थे तो उनसे सहन नहीं हुआ। इन्हीं तानों की वजह से एक दिन एनटीआर ने ठान लिया कि वह अपना वजन घटाकर ही रहेंगे। इसके बाद उन्होंने अपना वजन घटाना शुरू कर दिया था, जिसके लिए एनटीआर ने डाइटिंग और एक्सरसाइज कर अपना बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन का सफर शुरू कर दिया था। लेकिन बाद में सामने आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि निर्देशक पुरी जगन्नाथ के कहने पर उन्होंने अपना वजन घटाया था।
इस फिल्म में पहली बार दिखा फिट लुक- जूनियर एनटीआर ने जिम में कड़ी मेहनत करके अपने थुलथुले बदन को फिट बनाया। साल 2014 में आई उनकी सुपरहिट फिल्म ‘टेंपर’ में दर्शकों को उनका यह बदला हुआ लुक देखने को मिला था। फिल्म में पहली बार जूनियर एनटीआर सिक्स पैक एब्स में नजर आए थे और उन्होंने साबित कर दिया था कि अगर हम चाहें तो कुछ भी कर दिखा सकते हैं।
ऐसा डाइट प्लान -अपने इस कमाल के ट्रांसफॉर्मेंशन के लिए उन्होंने फिटनेस ट्रेनर लॉयड स्टीवन्स को अपना गुरू चुना। लॉयड स्टीवनस बॉलीवुड के कई मश्हूर हस्तियों को भी ट्रेनिंग दे चुके हैं, जिनमें रणवीर सिंह जैसे फिट अभिनेता का नाम भी शामिल है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि लॉयड ने एनटीआर को बहुत स्ट्रिक्ट डाइट प्लान फॉलो करने के लिए दिया था, जिसमें उन्हें सिर्फ हाई प्रोटीन और जीरो फैट वाली चीजें ही खाने को दी जाती थी। अब फिट होने के बाद जूनियर एनटीआर अपनी इसी फिटनेस को बर्करार रखने के लिए जिम में बहुत पसीना बहाते हैं।