देश में गर्मी का कहर जारी है। भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मध्यप्रदेश के नौगांव में तापमान 48 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं राजधानी दिल्ली में शनिवार को तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 48 डिग्री के पार हो गया। मौसम विभाग ने चेताया है कि हीटवेव की स्थिति में बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
मध्यप्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। शुक्रवार को प्रदेश का नौगांव 48 डिग्री तापमान के साथ दुनिया का 7वां सबसे गर्म शहर रहा। बीते 16 साल में ऐसा पहली बार है, जब मई का पहला पखवाड़ा इतना तपा है। मौसम विभाग के अनुसार , शनिवार को 27 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें भोपाल भी शामिल है।
दिल्ली में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट-दिल्ली के कई इलाकों में आज भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। इसके चलते मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा। हालांकि, अगले हफ्ते थोड़ी राहत दिल्ली वासियों को मिल सकती है।
UP के लोग गर्मी से परेशान-UP में भी भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आज राज्य में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। लखनऊ में आज का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
राजस्थान में शनिवार को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार जाएगा। इसके साथ ही मौसम विभाग ने कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को श्रीगंगानगर में पारा 48.1 और अजमेर में पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा।”
जून के बीच मानसून की एंट्री- बिहार में आज का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहेगा। राज्य में 13 से 15 जून के बीच मानसून की एंट्री होगी।