पीएम मोदी का आज 71वां जन्मदिन है. इस मौके पर रिकॉर्ड टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है. इसी के तहत आज टीकाकरण का आंकड़ा चौथी बार एक करोड़ के पार पहुंच गया है.27 अगस्त को 1 करोड़ 3 लाख 35 हजार 290 टीके लगे थे. 31 अगस्त को 1,33,18,718 टीके दिए गए थे. 6 सितंबर को 1,13,53,571 डोज दिए गए थे. बता दें कि अधिक से अधिक टीकाकरण करके प्रधानमंत्री के जन्मदिन को खास बनाने की योजना है.
इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा था कि पीएम मोदी ने सभी नागरिकों के लिए कोविड-19 की मुफ्त वैक्सीन की घोषणा की थी. साथ ही मंडाविया ने अभी तक वैक्सीन नहीं लगवाने वाले लोगों से वैक्सीन लगवाकर पीएम मोदी को जन्मदिन का उपहार देने का आग्रह किया.
मंडाविया ने एक ट्वीट के जरिये टीकाकरण की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि सबको वैक्सीन, मुफ्त वैक्सीन की PM @NarendraModi जी ने देश को सौगात दी है! कल हम सबके प्रिय प्रधानमंत्रीजी का जन्मदिन है, चलो #VaccineSeva कर जिन्होंने वैक्सीन नहीं ली है, ऐसे अपनों को, परिजनों को और समाज के सभी तबकों को टीका लगवाकर उनको जन्मदिन का उपहार देते हैं.
सरकार का लक्ष्य शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर अधिकतम संख्या में कोविड-19 वैक्सीन टीकाकरण का रिकाॅर्ड बनाकर ऐतिहासिक बनाना है. भारत में बुधवार को कोविड-19 टीकाकरण का आंकड़ा 76 करोड़ को पार कर गया है.