द डर्टी पिक्चर सहित बॉलीवुड की दो फिल्मों में नजर आने वाली अभिनेत्री आर्या बनर्जी कोलकाता में अपने निवास पर मृत पाई गईं। उनका असली नाम देवदत्त बनर्जी था और वह दिवंगत सितार वादक निखिल बनर्जी की बेटी की बेटी थीं। वह विद्या बालन के साथ काम कर चुकीं है।
महज 33 वर्षीय अभिनेत्री आर्या बनर्जी का शव कोलकाता स्थित उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। दक्षिण कोलकाता के जोधपुर पार्क स्थित उनके आवास में वह मृत पाई गई हैं।एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस जब मौके पर पहुंची तो ऐक्ट्रेस का शव खून से लथपथ था। पुलिस दरवाजा तोड़कर अभिनेत्री के घर के अंदर घुसी थी, जहां उनके शव बेड पर पड़ा मिला। उनकी नाक से खून बह रहा था और आसपास में उल्टियां कर रखी थीं। काम के लिए अभिनेत्री के घर पहुंची मेड ने पुलिस को सूचना दी थी और कहा था कि वह फोन नहीं उठा रही हैं। फिलहाल पुलिस आर्या बनर्जी की संदिग्ध मौत की जांच में जुटी है।
आर्या के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक बनर्जी अपने घर में अकेले कुत्ते के साथ ही रहती थीं। उनकी बहन सिंगापुर में रहती हैं। उनके कमरे से शराब की कई बोतलें बरामद की गई हैं। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा, हर दिन की तरह मेड काम करने के लिए आर्या के घर पहुंची थी। उसे जब कई बार कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो पड़ोसियों को जानकारी दी। घर अंदर से बंद पाया गया है। हम जांच कर रहे हैं।’