जल शक्ति मंत्रालय के जल जीवन मिशन- ‘हर घर नल योजना’ ने मंगलवार को पांच करोड़ नए ग्रामीण परिवारों के घर में नल से जल पहुंचाने की महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है। इसके साथ ही अब देशभर के करीब 8.24 करोड़ ग्रामीण परिवारों (42.83 फीसदी) को उनके घर में भरपूर मात्रा में पीने का साफ पानी मिलना शुरू हो गया है। देशभर के 919 ब्लॉक के 1.15 लाख गांव ‘हर घर जल गांव’ बन चुके हैं।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राज्यों के सहयोग से जल जीवन मिशन- हर घर जल योजना के तहत 2024 तक प्रत्येक ग्रामीण परिवार के घर पीने का शुद्ध पानी पहुंचाने के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में हो रहे कार्यों को लेकर कृषि जाहिर की है । शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो लक्ष्य दिया था, उसको पूरा करने के लिए जल जीवन मिशन की टीम राज्यों के साथ मिलकर तेजी से काम कर रही है। ग्रामीण भारत के हर घर में पीने का शुद्ध पानी मिले, इसके लिए जो लक्ष्य तय किए गए हैं, हम उससे तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं।
जलशक्ति मंत्री ने आगे कहा है कि आज हम इस बात पर गर्व कर सकते हैं कि करीब 25 महीने में ही जलशक्ति मंत्रालय ने राज्यों के सहयोग से पांच करोड़ नए कनेक्शन देने का आंकड़ा पार कर लिया है। हर कनेक्शन को परिवार के मुखिया के आधार के साथ जिओ टैग भी किया जा रहा है।