केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के अनुसार – प्रधानमंत्री मोदी की देश की प्रतिष्ठित धरोहरों, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को स्वच्छ पर्यटन स्थलों में बदलने की सोच के तहत केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल व स्वच्छता विभाग ने स्वच्छ आइकॉनिक स्थल उपक्रम के चौथे चरण में देश के 12 स्थानों का चुना है। इनमें यूपी, मप्र, राजस्थान, ओडिशा, हैदराबाद, श्रीनगर, चंडीगढ़ व बंगाल के प्रसिद्ध् स्थल शामिल हैं। इनमें वृंदावन का विश्व प्रसिद्ध मंदिर भी शामिल है।
भगवान कृष्ण के करोड़ों भक्तों की आस्था नगरी वृंदावन का बांके बिहारी मंदिर आने वाले दिनों में स्वच्छ होकर चमक उठेगा। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल और स्वच्छता विभाग ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत यह बीड़ा उठाया है।
इसका उदेश्य इन महत्वपूर्ण पर्यटक स्थलों और इनके आसपास स्वच्छता सफाई के मानकों में सुधार कर यहां पहुंचने वाले घरेलू और विदेशी पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और अनुभव प्रदान करना है। देश के महत्वपूर्ण धार्मिक, आध्यात्मिक व सांस्कृतिक स्थलों को स्वच्छता की नजरिये से बेहतर बनाकर न सिर्फ चमकाया जाएगा बल्कि यहां आने वाले सैलानियों की संख्या में भी वृद्धि की जा सकेगी।
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्रालय का पेयजल और स्वच्छता विभाग, स्वच्छता से संबंधित इस योजना का कार्यान्वयन आवास और शहरी कार्य मंत्रालय, पर्यटन मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय और संबंधित राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों के सहयोग से कर रहा है।