राजधानी दिल्ली में जबरदस्त कोल्ड वेव (Cold Wave in Delhi) चल रही है. गुरुवार को मौसम की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई. पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया. यह बीते दो वर्षों में जनवरी में दिल्ली में दर्ज सबसे न्यूनतम तापमान भी है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD Update) के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली में कई पहाड़ी इलाकों से ज्यादा ठंड दर्ज की गई. राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान डलहौजी (4.9 डिग्री सेल्सियस), धर्मशाला (5.2 डिग्री सेल्सियस), कांगड़ा (3.2 डिग्री सेल्सियस), शिमला (3.7 डिग्री सेल्सियस), देहरादून (4.6 डिग्री सेल्सियस), मसूरी (4.4 डिग्री सेल्सियस) और नैनीताल (6.2 डिग्री सेल्सियस) के मुकाबले कम रहा.
मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में गुरुवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा. सुबह साढ़े पांच बजे विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक रह गई. आईएमडी के मुताबिक, जीरो से 50 मीटर तक विजिबिलिटी ‘बहुत घने कोहरे’, 51 मीटर से 200 मीटर तक ‘घने कोहरे’, 201 मीटर से 500 मीटर तक ‘मध्यम कोहरे’ और 501 मीटर से 1000 मीटर तक विजिबिलिटी ‘हल्के कोहरे’ की श्रेणी में आती है.”
कोहरे की वजह से कई ट्रेनें लेट-उत्तर भारत में घने कोहरे का असर फ्लाइट्स और ट्रेनों पर पड़ा है. 21 फ्लाइट्स और 12 ट्रेनें देरी से चल रही हैं. वहीं, कोहरे को देखते हुए दो गाड़ियों के छूटने के समय में बदलाव किया गया है.
दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी किया अलर्ट-दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है. एयरपोर्ट ने जानकारी दी है कि सभी उड़ानों का संचालन इस समय सामान्य है फिर भी यात्रियों को संबंधित एयरलाइंस से संपर्क कर लेना चाहिए.