90 के दशक के दर्शक भाग्यश्री की मासूमियत पर इस कदर फिदा हुए कि 2 करोड़ के बजट वाली फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ ने 28 करोड़ की बंपर कमाई कर डाली थी. चलिए बताते हैं सलमान खान (Salman Khan) और भाग्यश्री (Bhagyashree) स्टारर फिल्म से जुड़े कुछ किस्से.कहते हैं कि सूरज बड़जात्या के डायरेक्शन में बनी पहली फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ है. इस फिल्म की पहली स्क्रिप्ट सूरज को पसंद नहीं आई थी तो दूसरी तैयार की गई. सूरज के पास किसी बड़े हीरो को लेने के लिए बजट नहीं था,लिहाजा न्यूकमर सलमान खान और भाग्यश्री को मौका दिया. हैरानी की बात है कि सलमान स्क्रीन टेस्ट पास ही नहीं कर पाए थे, फिर भी सूरज ने उन्हें फिल्म में कास्ट कर लिया. शूटिंग शुरू हुई तो सलमान डर गए और सूरज से फिल्म छोड़ने के लिए कहा.
सलमान खान को पहनाए गए लेगिंग्स-मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ‘बीवी हो तो ऐसी’ फिल्म कर चुके सलमान खान को अपने ऊपर भरोसा नहीं था. सलमान ने सूरज से कहा कि ‘इस फिल्म में आपके पापा के बहुत पैसे लगे हैं, डूब जाएंगे, मुझे हीरो की जगह असिस्टेंट डायरेक्टर बना दो’. सूरज ने समझाया और भरोसा जताया कि ‘इस फिल्म में कास्ट करके मैंने कोई गलती नहीं की है’. यही नहीं, आप अगर ‘मैंने प्यार किया’ देखिए तो सलमान उस समय बेहद दुबले-पतले हुआ करते थे. इस फिल्म का एक मशहूर गाना ‘कबूतर जा-जा’ की शूटिंग हो रही थी और सलमान ने ग्रे सूट पैंट पहना हुआ था. जैसे ही शूटिंग शुरू हुई तो हवा चलने से सलमान की पतली टांगें नजर आने लगी, जो ठीक नहीं लग रही थी. ऐसे में सूरज ने एक जुगाड़ निकाला ताकि टांगे मोटी दिखे. पैंट के अंदर सलमान को लड़कियों वाले करीब 6 लेगिंग्स पहनाए गए.
भाग्यश्री हो गई थीं परेशान-वहीं भाग्यश्री ने ई-टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि ‘दिल दीवाना’ गाने की शूटिंग के दौरान सलमान खान उन्हें बहुत छेड़ते थे. सलमान वह पहले इंसान थे जिसे मेरे और हिमालय दासानी के रिश्ते के बारे में पता चला था. ऐसे में वह अक्सर मेरे कान में गाना गुनगुनाते हुए घूमते थे. मैं तंग आ गई थी, मैंने कई बार मना किया लेकिन वह मानते ही नहीं थे.
बता दें कि पहली ही फिल्म से रातों-रात स्टार बनीं भाग्यश्री ने फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली थी. बरसों बाद साल 2019 में कन्नड़ फिल्म ‘Seetharama Kalyana’ से उन्होंने कमबैक किया था.”