हमारे शरीर को लगातार अच्छे तरीके से काम करते रहने के लिए पर्याप्त मात्रा में ऊर्जा की आवश्यकता होती है और ऊर्जा के लिए जरूरी है- पौष्टिक भोजन। यही कारण है कि सभी लोगों को हरदिन स्वस्थ और पौष्टिक खाना खाने की सलाह दी जाती है। आपने कई लेख में पढ़ा और विशेषज्ञों से पौष्टक आहार के फायदों और जरूरतों के बारे में सुना होगा, पर क्या आप जानते हैं कि कुछ चीजों के खाने-पीने की आदत आपको ऊर्जा देने की जगह इसे छीन सकती है। सुनने में जरूर यह काफी अजीब लगेगा, पर वास्तविकता ऐसी ही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, हम रोजाना जाने-अनजाने कई ऐसी चीजों का सेवन करते रहते हैं जो शरीर की ऊर्जा को क्षीण कर सकती हैं।
आहार विशेषज्ञ कहते हैं, जैसे कुछ खाद्य पदार्थ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जाने जाते हैं, ऐसे ही कुछ खाद्य पदार्थ ऊर्जा को क्षीण करके आपको थकान का अनुभव करा सकते हैं। अक्सर आपको भी भारी भोजन के बाद थकान महसूस होती होगी? इस स्थिति को फूड कोमा या ‘पोस्टप्रैन्डियल फटीग’ के नाम से जाना जाता है। यह थकान आपके भोजन में शामिल कुछ चीजों के कारण हो सकती है, जिसके बारे में हम सभी को जानना बहुत आवश्यक है। आइए आगे की स्लाइडों में ऐसी ही कुछ चीजों के बारे में जानते हैं जो आपको थकान का अनुभव करा सकती हैं।
ज्यादा तली हुई चीजों का सेवन- स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर में महसूस होने वाली थकान के लिए सूजन को मुख्य कारणों में से एक माना जाता है। ऐसे में जो चीजें शरीर में सूजन को बढ़ा देती हों, उनसे थकान होने की आशंका भी अधिक होती है। तले हुए खाद्य पदार्थों के सेवन के माध्यम से आप अप्रत्यक्ष तौर पर तेल और नमक का सेवन भी अधिक कर रहे होते हैं, जो शरीर में थकावट को बढ़ाने के लिए जानी जाती हैं। ज्यादा तली हुई या मीठी चीजें रक्त शर्करा के स्तर में भी वृद्धि का कारण बन सकती हैं, इनके सेवन के बाद आपको थकान का अनुभव अधिक हो सकता है।
सफेद ब्रेड में होती है रिफाइंड कार्ब्स की मात्रा -अगर आप भी रोज नाश्ते में सफेद ब्रेड खाते हैं तो सावधान हो जाइए। सफेद ब्रेड जैसे खाद्य पदार्थ रिफाइंड कार्ब्स का स्रोत होते हैं जो शरीर में रक्त शर्करा के स्तर को बढ़ा सकते हैं। सफेद ब्रेड खाने के बाद आपको थकान महसूस होने या फिर नींद आने जैसा अनुभव हो सकता है। सफेद की जगह ब्राउन ब्रेड या फिर ग्रेन ब्रेड का सेवन करना आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। पास्ता जैसी चीजों में भी रिफाइंड कार्ब्स की मात्रा अधिक होती है।
मीठी चीजों या पेय का सेवन- यदि आप भी बहुत अधिक मीठा खाने या पीने के शौकीन हैं तो आपकीयह आदत सेहत के लिए कई तरह से हानिकारक हो सकती है। इन चीजों के अधिक सेवन के कारण ब्लड शुगर का स्तर बढ़ जाता है जिससे डायबिटीज का खतरा हो सकता है। इसके अलावा मीठी चीजें मोटापे को भी बढ़ा देती हैं। मीठी चीजों का सेवन कम से कम मात्रा में करें। इन्हें खाने के बाद शारीरिक गतिविधियों पर ध्यान देना बहुत आवश्यक हो जाता है।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।