अक्षय कुमार ने बीते शुक्रवार को अपनी आगामी फिल्म ‘गोरखा’ का ऐलान किया और साथ ही फिल्म का पहला पोस्टर भी फैन्स के बीच शेयर किया. अक्षय कुमार इस फिल्म में महान युद्ध नायक मेजर जनरल इयान कार्डोजो का रोल कर रहे हैं.
अब फिल्म के पोस्टर पर एक्स गोरखा ऑफिसर ने कुछ गलतियां पकड़ी हैं और अक्षय कुमार को ट्वीट के जरिए बताया है. एक्स गोरखा ऑफिसर मेजर मनिक एम जॉली ने इस बात को प्वाइंट आउट किया है कि पोस्टर में जिस तरह से खुकरी को पकड़े हुए दिखाया गया है वो सही नहीं है.
अक्षय कुमार को टैग कर उन्होंने ट्वीट किया: “प्रिय अक्षय कुमार. एक एक्स गोरखा ऑफिसर के तौर पर इस फिल्म को बनाने के लिए मैं आपका धन्यवाद करता हूं. हालांकि, विवरण मायने रखता है. कृपया खुकरी को ठीक करें. दूसरी तरफ तेज धार है. यह तलवार नहीं है. खुकरी ब्लेड के अंदरूनी हिस्से से वार करता है. धन्यवाद.”
अक्षय कुमार ने भी एक्स गोरखा ऑफिसर मेजर मनिक एम जॉली को उत्तर देने में देर नहीं की और ट्वीट किया. अक्षय कुमार ने लिखा: “प्रिय मेजर जॉली. इसे इंगित करने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. फिल्म बनाते समय हम अत्यधिक सावधानी बरतेंगे. मुझे गोरखा बनाने पर बहुत गर्व और सम्मान है. इसे वास्तविकता के सबसे करीब लाने के लिए किसी भी सुझाव की सबसे अधिक सराहना की जाएगी.” अक्षय कुमार ने इस तरह पोस्टर में हुई गलती को उठाने के लिए मेजर का धन्यवाद किया है. बता दें कि फिल्म को संजय पूरण सिंह चौहान निर्देशित कर रहे हैं और इसे प्रोड्यूसर करने की जिम्मेदारी आनंद एल राय और हिमाशु शर्मा ने ली है.